बिहार

DM एवं एसपी ने की बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयन हेतु आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारियों समीक्षा

Gulabi Jagat
15 July 2025 10:59 PM IST
DM एवं एसपी ने की बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयन हेतु आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारियों समीक्षा
x
Lakhisaraiलखीसराय। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयन हेतु आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारियों से संबंधित समाहरणालय, लखीसराय के मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में 16 जुलाई 2025 से शुरू होने वाली छह विभिन्न तिथियों में आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर सतर्कता के साथ कार्य करें। उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा कक्षों में जैमर, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य सुरक्षा उपायों की व्यवस्था को कड़ाई से लागू करने का आदेश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी हो।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे 16 जुलाई 2025 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के पश्चात सभी निर्धारित तिथियों के लिए रौल नंबर और फोटो स्टिकर संबंधित डेस्क पर परीक्षा से पूर्व अनिवार्य रूप से चिपकाए जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को अपने बैठने की व्यवस्था में कोई असुविधा न हो।
बैठक में अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशांक कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) शशि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी प्राची कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story