बिहार

आयुष्मान भारत में डिजिटल सुविधा, मरीजों को बड़ी राहत

Saba Naaz
3 July 2026 5:16 PM IST
आयुष्मान भारत में डिजिटल सुविधा, मरीजों को बड़ी राहत
x

Bihar: केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए एक नई डिजिटल सुविधा की शुरुआत की है। इसके तहत ‘आयुष्मान सारथी’ नाम से व्हाट्सऐप चैटबॉट लॉन्च किया गया है, जिसके जरिए अब लाभार्थी घर बैठे ही कई जरूरी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों और जन सेवा केंद्रों के चक्कर लगाने से राहत देना और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सरल व सुलभ बनाना है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) द्वारा विकसित यह चैटबॉट सुरक्षित एपीआई तकनीक पर आधारित है, जिससे उपयोगकर्ताओं को रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इस सेवा का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को अपने मोबाइल में 91 72908 23838 नंबर सेव करना होगा और व्हाट्सऐप पर “Hi” या “हाय” लिखकर संदेश भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट सक्रिय हो जाएगा और उपयोगकर्ता को विभिन्न सेवाओं का विकल्प मिल जाएगा।

इस चैटबॉट के माध्यम से लाभार्थी अपनी पात्रता की जांच कर सकते हैं, नया आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं और कार्ड डाउनलोड भी कर सकते हैं। इसके अलावा e-KYC की सुविधा, आधार लिंक करने की प्रक्रिया, कार्ड को लॉक या अनलॉक करने का विकल्प और वॉलेट बैलेंस देखने जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए आयुष्मान वयो वंदना कार्ड की जानकारी भी इसमें शामिल की गई है।

इस प्रणाली के जरिए मरीज अपने इलाज का पूरा रिकॉर्ड और हिस्ट्री भी देख सकेंगे। साथ ही नजदीकी सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी प्राप्त करना, शिकायत दर्ज करना, उसकी स्थिति जानना और शिकायत वापस लेने जैसी सुविधाएं भी इसमें दी गई हैं। मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अपनी फीडबैक भी दे सकेंगे, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकेगा।

स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार यह पहल डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवाओं को नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के उन लोगों को इससे बड़ा लाभ मिलेगा, जिन्हें जानकारी या तकनीकी दिक्कतों के कारण योजना का पूरा फायदा नहीं मिल पाता था।

इस नई व्यवस्था से आयुष्मान भारत योजना और अधिक पारदर्शी और उपयोगकर्ता अनुकूल बनने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि व्हाट्सऐप जैसे सामान्य प्लेटफॉर्म पर सेवाएं उपलब्ध होने से ज्यादा से ज्यादा लोग योजना से जुड़ पाएंगे और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे।

Next Story