
बक्सर जिले: इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम लोगों के आवागमन के लिए तुरंत खोलने की मांग तेज हो गई है। इस मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने डीआरएम से मिलकर स्थानीय लोगों की समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी बंद होने से हजारों लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्र-छात्राएं, मरीज, किसान, व्यापारी और आम लोग सभी को आवागमन में लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि गुमटी बंद होने के बाद पांडेपट्टी मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया है और वहां लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार स्कूल बसों और भारी वाहनों के पलटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे आसपास के कई गांवों की बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है। मुलाकात के दौरान डीआरएम ने बताया कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी को जिला प्रशासन के निर्देश पर बंद किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि क्षतिग्रस्त रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे लगभग 15 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चिंता जताते हुए कहा कि इतनी कम अवधि में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा होना मुश्किल लगता है। उन्होंने आशंका जताई कि जल्दबाजी में किया गया काम भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। उन्होंने मांग की कि जब तक आरओबी पूरी तरह सुरक्षित होकर चालू नहीं हो जाता, तब तक इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम जनता के लिए खोल दिया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी को देखते हुए यह जरूरी है कि वैकल्पिक व्यवस्था तुरंत की जाए। हजारों लोगों की दिनचर्या इस बंद गुमटी के कारण प्रभावित हो रही है। कांग्रेस नेता ने बताया कि डीआरएम ने उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक गुमटी को फिर से आम जनता के लिए नहीं खोला जाता, तब तक वे लोगों की आवाज उठाते रहेंगे।





