बिहार

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से अपहरण मामले का खुलासा

Ashish verma
27 Jun 2026 8:32 PM IST
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से अपहरण मामले का खुलासा
x

हाजीपुर/वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित रूप से अपहृत एक नाबालिग किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया। यह कार्रवाई शनिवार को अफजलपुर गांव में की गई, जिसमें स्थानीय बेलसर थाना पुलिस ने भी सहयोग किया। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई आउट थाना की टीम एसएचओ पवन तोमर के नेतृत्व में वैशाली पहुंची थी। टीम में एसआई रामानुज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। किशोरी की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसके परिजन भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के नांगलोई आउट थाना में इस मामले को लेकर कांड संख्या 166/26 दर्ज है। प्राथमिकी में किशोरी के पिता ने आरोप लगाया था कि बेलसर थाना क्षेत्र के अफजलपुर गांव निवासी अशोक पासवान के पुत्र राहुल ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। तकनीकी साक्ष्य और अन्य इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस ने बेलसर में दबिश दी और स्थानीय पुलिस की मदद से अफजलपुर गांव से किशोरी को बरामद कर लिया। इसके बाद किशोरी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए दिल्ली ले जाया गया, जहां उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, बरामदगी के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी दिल्ली पुलिस की एक अन्य टीम ने बेलसर थाना क्षेत्र में छापेमारी की थी, हालांकि उस कार्रवाई में उन्हें सफलता नहीं मिली थी। लगातार दो दिनों से दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

Next Story