
Bihar: सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड की दो सगी बहनों ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली शिवानी यादव और वर्षा यादव ने स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) परीक्षा के माध्यम से यह सफलता हासिल की है। दोनों बहनों की इस उपलब्धि से गांव और परिवार में खुशी का माहौल है।
दोनों बहनें दरौंदा प्रखंड की पिनर्थु पंचायत के इंदापुर गांव की रहने वाली हैं। इनके पिता हरेराम यादव कोलकाता में खटाल का संचालन करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने बेटियों की शिक्षा में कोई कमी नहीं छोड़ी। आज उनकी मेहनत का परिणाम पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गया है।
शिवानी यादव ने वर्ष 2016 में मैट्रिक, 2018 में इंटर और 2021 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी, जिसके बाद वर्ष 2023 में उनका चयन CISF में हुआ। वहीं छोटी बहन वर्षा यादव ने 2019 में मैट्रिक, 2021 में इंटर और 2024 में स्नातक पूरा करने के बाद वर्ष 2025 में CISF में सफलता प्राप्त की। वर्तमान में शिवानी गृह मंत्रालय की सुरक्षा में और वर्षा दिल्ली मेट्रो सुरक्षा में तैनात हैं।
दोनों बहनों ने बताया कि उनकी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और सेल्फ स्टडी को जाता है। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और सही दिशा में पढ़ाई से किसी भी परीक्षा में सफलता पाई जा सकती है। उन्होंने प्रतियोगी छात्रों को सलाह दी कि NCERT की किताबों का गहन अध्ययन सफलता की मजबूत नींव है।
CISF में चयन के बाद पहली बार गांव पहुंचने पर दोनों बहनों का जोरदार स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े, फूल-मालाओं और डीजे के साथ उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और दोनों बहनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





