
Bihar: गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज सीवान में बीटेक की 360 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की अधिसूचना के बाद राज्य के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। पहले राउंड की काउंसिलिंग 7 से 9 जुलाई तक चलेगी। कॉलेज प्रशासन के अनुसार इस वर्ष बिहार के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में कुल 14,500 सीटों पर नामांकन होगा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1,500 सीटें अधिक हैं। सीवान कॉलेज में अकेले 360 सीटें निर्धारित की गई हैं।
प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत सिंह ने बताया कि जो छात्र निर्धारित समय पर काउंसिलिंग में शामिल नहीं होंगे, उन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए अयोग्य माना जाएगा और उनकी सीट खाली कर दी जाएगी। पहले राउंड में चयन न होने वाले छात्रों के लिए दूसरा राउंड 20 और 21 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए इस बार बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है। छात्रों को जेईई मेन स्कोर कार्ड, एडमिट कार्ड, मैट्रिक और इंटर के प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे। सभी दस्तावेजों की स्व-अभिप्रमाणित कॉपी भी जमा करनी होगी।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि काउंसिलिंग के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं और पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी डीन एकेडमिक प्रो. अमित कुमार को सौंपी गई है। छात्रों की शैक्षणिक योग्यता, आयु, आवासीय पात्रता और मेडिकल फिटनेस की भी जांच की जाएगी। प्रशासन ने सभी उम्मीदवारों से समय पर पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।





