
बक्सर: स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में रविवार को युवा कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी संगठनात्मक चुनाव और 15 जुलाई को पटना में होने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य बक्सर जिले से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं और छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में संगठन को मजबूत करने और चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संगठनात्मक चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अहम हिस्सा हैं और इसमें सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी तरह की गुटबाजी और आपसी मतभेद से दूर रहकर संगठन को मजबूत बनाने पर ध्यान दें।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी सभी कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में 15 जुलाई को पटना में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। बताया गया कि इस कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों से शिक्षा व्यवस्था और उनकी समस्याओं को लेकर संवाद करेंगे।
बैठक में यह रणनीति बनाई गई कि बक्सर जिले से बड़ी संख्या में छात्र और युवा कार्यकर्ता पटना पहुंचें और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इसके लिए अलग-अलग कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
इस बैठक में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद शहीद, बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बिट्टू यादव, एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव अनुराग त्रिवेदी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मण उपाध्याय समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।





