
Bihar:कैमूर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बार फिर अपराधियों को लेकर सख्त रुख अपनाया। अपने संबोधन में उन्होंने साफ कहा कि अपराधियों की भलाई इसी में है कि वे बिहार छोड़ दें, वरना पुलिस उन्हें छोड़ेगी नहीं। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है और सरकार अपराध मुक्त बिहार के लक्ष्य पर काम कर रही है।
सीएम ने कहा कि उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया है कि अपराधियों को पहले ही दिन समझाया जाए कि बिहार छोड़ देना ही उनके लिए बेहतर है। अगर इसके बावजूद कोई अपराधी अपराध करता है, तो उसे 48 घंटे के भीतर कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी ने कानून-व्यवस्था को चुनौती दी, तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों का अंजाम बेहद खराब होगा और सरकार जनता के भरोसे से कोई समझौता नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को आश्वस्त किया कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य को पूरी तरह अपराध मुक्त बनाना है और इसके लिए पुलिस को पूरी छूट दी गई है।
इसी कार्यक्रम के दौरान सीएम ने शिक्षकों को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की सभी सुविधाओं का ध्यान रखेगी, लेकिन इसके बदले उन्हें स्कूलों में नियमित पढ़ाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं और पुरुष शिक्षकों की पोस्टिंग उनके स्थान के अनुसार की जाएगी ताकि व्यवस्था बेहतर हो सके। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विकास से जुड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि मुंडेश्वरी धाम को बनारस-रांची-कोलकाता एक्सप्रेसवे से फोरलेन के माध्यम से जोड़ा जाएगा, जिससे यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी और यह क्षेत्र एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि बरसात के बाद रोपवे परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा।





