बिहार

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर CM सम्राट चौधरी ने की तारीफ

Gulabi Jagat
25 July 2026 5:49 PM IST
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर CM सम्राट चौधरी ने की तारीफ
x

Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के फैसले को सार्वजनिक जीवन में नैतिकता, जवाबदेही और निस्वार्थ सेवा का उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए धर्मेंद्र प्रधान का पद छोड़ने का निर्णय प्रेरणादायी है। उन्होंने शिक्षा मंत्री के रूप में धर्मेंद्र प्रधान के कार्यों की सराहना की और उनके योगदान को याद किया।

सम्राट चौधरी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में देश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा, नई सोच और नई गति देने का काम किया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के प्रभावी क्रियान्वयन सहित शिक्षा क्षेत्र में किए गए कार्यों की प्रशंसा की।

बिहार के मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के दूरदर्शी नेतृत्व से करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत आधार मिला है। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के अनुभव, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की सराहना करते हुए उनके आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं जारी हैं। विपक्षी दलों ने इसे अलग-अलग मुद्दों से जोड़कर प्रतिक्रिया दी है, वहीं भाजपा नेताओं की ओर से उनके योगदान और कार्यकाल की सराहना की जा रही है।

Next Story