बिहार

9 मार्च को घोषित हो सकते हैं बीजेपी प्रत्याशी, बीजेपी चुनाव समिति की बैठक में इन उम्मीदवारों के नाम पर हुई चर्चा

Renuka Sahu
7 March 2022 2:32 AM GMT
9 मार्च को घोषित हो सकते हैं बीजेपी प्रत्याशी, बीजेपी चुनाव समिति की बैठक में इन उम्मीदवारों के नाम पर हुई चर्चा
x

फाइल फोटो 

भाजपा के प्रदेश चुनाव समिति की बैठक रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल की अध्यक्षता में हुई।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। भाजपा के प्रदेश चुनाव समिति की बैठक रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें बिहार विधानपरिषद की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर एनडीए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर विमर्श किया गया। एनडीए गठबंधन के तहत भाजपा 12 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। एक सीट रालोजपा को मिली है जबकि 11 सीटों पर जदयू के उम्मीदवार मैदान में उतर रहे हैं।

चुनाव में भाजपा को अधिकृत 12 सीटों पर उम्मीदवारों के चयन के लिए गहन विचार मंथन किया गया। बैठक के बाद मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रदेश चुनाव समिति के निर्णय से राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया जाएगा। वहीं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने पूछे जाने पर बताया कि भाजपा में सबकुछ सिस्टम से होता है। केंद्रीय चुनाव समिति की स्वीकृति के बाद एनडीए प्रत्याशियों की घोषणा संयुक्त रूप से की जाएगी। यह 9 मार्च को हो सकता है।
तीन सीटों पर अध्यक्ष व संगठन महामंत्री अधिकृत
जानकारी के मुताबिक भाजपा ने अपने कोटे की 12 में से 9 के लिए उम्मीदवार प्राय: तय कर लिये हैं, तीन सीटों औरंगाबाद, सीवान और दरभंगा पर एक से अधिक गंभीर नाम होने से प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री को प्रदेश चुनाव समिति ने निर्णय के लिए अधिकृत किया है। औरंगाबाद के वर्तमान विधान पार्षद राजन सिंह ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया है, यहां भाजपा ज्वाइन कर दिलीप सिंह प्रत्याशी हो सकते हैं। दरभंगा में सुनील चौधरी और सीवान में मनोज सिंह का नाम आगे है लेकिन कुछ और नाम होने से इसपर विचार होना है।
इन नेताओं ने लिया बैठक में हिस्सा
चुनाव समिति की बैठक में बिहार भाजपा के सह प्रभारी हरीश द्विवेदी, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, वरिष्ठ नेता व राज्य सभा सांसद सुशील कुमार मोदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद रविशंकर प्रसाद, मंत्री जनक राम, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र जी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव व डॉ. प्रेम कुमार, प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल, महिला मोर्चा की अध्यक्ष लाजवंती झा ने हिस्सा लिया।
इन सीटों पर होंगे भाजपा के प्रत्याशी
बेगूसराय, रोहतास एवं कैमूर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, समस्तीपुर, किशनगंज, कटिहार, सहरसा, गोपालगंज, सारण और सीवान।
Next Story