बिहार

Bihar:शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में युवक की मौत, परिजनों में कोहराम

Sarita
10 Feb 2026 7:17 AM IST
Bihar:शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में युवक की मौत, परिजनों में कोहराम
x
Bihar: सीतामढ़ी जिले के सुप्पी थाना क्षेत्र के रमनगरा गांव में रविवार देर रात शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग एक युवक की मौत का कारण बन गई। मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के सरहच्चिया गांव निवासी रविंद्र साह के पुत्र रोशन कुमार (23) की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोशन कुमार बारात में शामिल होकर रमनगरा गांव पहुंचे थे। देर रात जलपान के बाद द्वार लगाने के लिए बारात निकली थी। इसी दौरान खुशी के माहौल में एक व्यक्ति ने अपने लाइसेंसी हथियार से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच चली गोली रोशन कुमार को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। घायल रोशन को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि हालत नाजुक होने के कारण तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर देर रात सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह और सुप्पी थानाध्यक्ष संजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से दो खोखा, दो अंग्रेजी शराब की बोतल, एक स्कॉर्पियो वाहन और एक अपाचे बाइक जब्त की है।पुलिस जांच में आरोपित की गाड़ी से एक हथियार का लाइसेंस भी बरामद किया गया है, जो उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से निर्गत बताया जा रहा है। वहीं, हिरासत में लिए गए संदिग्धों के घर से उसी हथियार से फायर किए गए कई कारतूस भी बरामद किए गए हैं।पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Next Story