बिहार

Bihar: पंचायत विकास दिवस में बढ़ी महिलाओं की भागीदारी

Saba Naaz
28 Jun 2026 5:54 PM IST
Bihar: पंचायत विकास दिवस में बढ़ी महिलाओं की भागीदारी
x

बिहार: सरकार की अभिनव पहल के तहत हर महीने के अंतिम रविवार को मनाए जाने वाले पंचायत विकास दिवस की शुरुआत रविवार को पूरे राज्य के साथ सारण जिले में भी हुई। यह कार्यक्रम दरियापुर प्रखंड के प्रतापपुर ग्राम पंचायत में आयोजित किया गया, जहां उपमुख्यमंत्री-सह-प्रभारी मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण बनी। कार्यक्रम की शुरुआत उपमुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर की। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की बड़ी मौजूदगी रही। ग्रामसभा के दौरान प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सामूहिक प्रसारण भी किया गया, जिसे सभी ने ध्यानपूर्वक सुना।

इस बार पंचायत विकास दिवस की थीम “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” रखी गई थी। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और सरकार की योजनाओं से आए बदलावों पर प्रकाश डाला। ग्राम पंचायत के मुखिया किशोर कुमार सिंह ने पंचायत में अब तक हुए विकास कार्यों की जानकारी दी और आगे की योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने ग्रामसभा को संबोधित करते हुए पंचायती राज व्यवस्था के तहत पंचायतों के अधिकार, कर्तव्य और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से जानकारी दी।

उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार पंचायतों को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायतों के माध्यम से ग्रामीण विकास को नई गति मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार में पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है, जिससे उनकी भागीदारी और मजबूत हुई है। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया और पंचायत विकास दिवस को जनभागीदारी आधारित विकास की महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Next Story