बिहार

Bihar: अमृत भारत ट्रेन के पास रील्स बनाते समय दो की मौत

Sarita
24 Jan 2026 6:32 AM IST
Bihar:   अमृत भारत ट्रेन के पास रील्स बनाते समय दो की मौत
x
Bihar बिहार: पश्चिम चंपारण जिले के साठी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गुलाब नगर रेलवे ढाला और साठी रेलवे स्टेशन के बीच पिलर संख्या 234/31 के पास दो अज्ञात युवक रेलवे ट्रैक के बेहद करीब खड़े होकर रील बना रहे थे। मोबाइल कैमरा चालू था और युवक सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की चाह में ट्रैक के पास मौजूद थे।इसी दौरान अमृत भारत एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर से नरकटियागंज की ओर तेज गति से गुजर रही थी। उसी समय दूसरी पटरी पर विपरीत दिशा से एक फौजी ट्रेन आ गई। दोनों ट्रेनों की आवाज और रफ्तार से युवक घबरा गए और संभलने का मौका नहीं मिल सका। अगले ही क्षण दोनों युवक अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों के शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई |हादसे के बाद परिजन शवों को लेकर मौके से चले गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ। साठी थाना क्षेत्र के स्टेशन अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मेमो के माध्यम से जीआरपी बेतिया को भेज दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।यह दुर्घटना सोशल मीडिया के लिए जोखिम भरे तरीके अपनाने को लेकर एक गंभीर चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।
Next Story