
x
Bihar बिहार: वैशाली जिले के महुआ से तस्करी कर ले जाए जा रहे 22 मवेशियों को बाइपास पुलिस ने बरामद किया है। दो पिकअप वैन पर लदे मवेशियों के साथ दो चालकों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। बाइपास थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि गुरुवार की देर रात जिला पशु क्रूरता निवारण समिति के कार्यकारिणी सदस्य विनय कुमार सिंह की मदद से महादेव स्थान के पास से पिकअप वैन पर लदे 22 मवेशियों को बरामद किया गया। मवेशियों को दीदारगंज स्थित गौशाला भेज दिया गया है।
छापेमारी के दौरान दोनों पिकअप वैन के चालकों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ में पता चला कि मवेशियों को वैशाली से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच कर रही है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर मवेशी तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
Next Story





