बिहार

Bihar: शव मिलने से सनसनी, दो मोबाइल और नशीली दवाएं बरामद

Sarita
26 Jun 2025 11:23 AM IST
Bihar: शव मिलने से सनसनी, दो मोबाइल और नशीली दवाएं बरामद
x
Bihar बिहार: बिहटा थाना क्षेत्र के आनंदपुर बधार में निर्माणाधीन चहारदीवारी के पास बुधवार को एक अज्ञात युवक का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत काफी सड़ी-गली थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या कई दिन पहले की गई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर बिहटा थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक युवक की जेब से दो मोबाइल फोन और एक संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद किया गया है।
शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। युवक ने काले रंग की पैंट और शर्ट पहन रखी थी। थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि शव पूरी तरह सड़ चुका है और गर्दन शरीर से पूरी तरह अलग हो चुकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों को सूचना भेज दी है। उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी विवाद में युवक की हत्या कर दी गई होगी और शव को बाजार के पास फेंक दिया गया होगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
Next Story