बिहार

Bihar: मां-बेटे की निर्मम हत्या से सनसनी

Sarita
24 Jun 2025 7:48 AM IST
Bihar: मां-बेटे की निर्मम हत्या से सनसनी
x
Bihar बिहार: खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के महद्दीपुर गांव में सोमवार की सुबह मां-बेटे की डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। अपराधियों ने 45 वर्षीय फूल देवी और उनके 25 वर्षीय बेटे पंकज सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है। इस दोहरे हत्याकांड के पीछे 2014 से चल रहा छह बीघा जमीन का विवाद बताया जा रहा है। इसमें अब तक कुल छह लोगों की जान जा चुकी है। परिजनों के मुताबिक रविवार की देर रात करीब एक बजे पांच से छह हमलावर फूल देवी के घर में घुसे।
उन्होंने सबसे पहले फूल देवी के नाक के पास गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उनके बेटे पंकज को पीछे से गोली मारी और फिर धारदार हथियार से सिर काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति काफी गुस्सा है। उनका कहना है कि अगर समय रहते पुलिस इस जमीन विवाद को गंभीरता से लेती तो शायद इस खूनी वारदात को टाला जा सकता था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। मृत परिवार का गांव के ही कुछ लोगों से वर्षों से जमीन संबंधी विवाद चल रहा था।
इस मामले को लेकर कई बार पंचायतें भी हुईं और थाने में भी शिकायतें दर्ज कराई गईं। घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। पसराहा थानेदार संजय कुमार विश्वास ने बताया कि मां और बेटे की हत्या हुई है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
Next Story