
x
Bihar बिहार: बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक मंदिर के पुजारी की बेरहमी से हत्या कर दी है. पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि पिपरा शिव मंदिर के पुजारी का खून से लथपथ शव आज सुबह मंदिर से बरामद किया गया. उनकी हत्या चाकू से गोदकर की गई. मृत पुजारी की पहचान चाप टोला निवासी हरि गिरि (50) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बुधवार की रात वे खाना खाकर मंदिर में सो रहे थे|
इसी दौरान अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी. आज सुबह जब स्थानीय लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो उन्होंने पुजारी का खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी. हत्या की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है. मृतक पुजारी के पोते राजन गिरि ने बताया कि पांच कट्ठा जमीन को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था|
दो दिन पहले उन्हें धमकी दी गई थी कि जमीन छोड़ दो नहीं तो जान से मार देंगे. इसके बाद बीती रात उनके दादा की हत्या कर दी गई. थानाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि जमीन विवाद में पुजारी की हत्या की गई है. पुजारी के परिवार ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें से दो युवकों राहुल और अनिल को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Next Story





