बिहार

Bihar : दाह संस्कार के लिए जा रहे थे लोग, रास्ते में 3 की मौत

Sarita
6 April 2025 12:13 PM IST
Bihar : दाह संस्कार के लिए जा रहे थे लोग, रास्ते में 3 की मौत
x
Bihar बिहार: जिले के एनएच-922 पर हरिकिशनपुर के पास रविवार की अहले सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को बक्सर सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है. हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया|
जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुआ परिवार रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर हाल्ट गांव का रहने वाला है. परिवार के मुखिया मुंद्रिका सिंह की पत्नी की शनिवार को मौत हो गई थी. इसके बाद उनके परिजन शव को दूसरे वाहन से लेकर ब्रेजा कार से दाह संस्कार के लिए बक्सर जा रहे थे. इसी बीच रविवार की सुबह करीब 4 बजे शव वाहन आगे निकल गया और पीछे से आ रही उनकी कार एनएच-922 पर हरिकिशनपुर के पास सड़क किनारे खड़ी अज्ञात भारी वाहन से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची औद्योगिक थाना पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मुंद्रिका सिंह के पुत्र प्रमोद यादव, मदन सिंह के पुत्र पप्पू यादव और राजेश के पुत्र रितेश कुमार की मौत हो गई। मृतकों की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना में घायल रोहित कुमार, प्रताप कुमार, प्रेमचंद कुमार और एक अन्य की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। चारों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जा रहा है। हादसे से परिजन बदहवास हैं और रो-रोकर बेहाल हैं। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story