बिहार

Bihar News: चाकूबाजी की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, पसरा मातम

Sarita
25 March 2025 8:10 AM IST
Bihar News: चाकूबाजी की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, पसरा मातम
x
Bihar News: गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के बैरिया पंचायत के खरही गांव में रविवार की देर रात चाकूबाजी की घटना ने एक युवक की जान ले ली, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में घायल बलिष्टर यादव के पुत्र बृजेश यादव (25) की उत्तर प्रदेश के देवरिया सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। इधर, घटना में घायल विकास यादव (ग्राम नवलपुर) और अनूप यादव (ग्राम हुसैनपुर) की हालत गंभीर बनी हुई है।
दोनों घायलों को पहले प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल लाया गया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, खरही गांव में रविवार की शाम किसी बात को लेकर दो पक्षों में पहले कहासुनी शुरू हुई, जो चाकूबाजी की घटना में बदल गई। अचानक हुए इस हमले में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन बृजेश यादव की जान नहीं बचाई जा सकी। बृजेश यादव की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिवार गमगीन है। इस दुखद घटना से पूरा गांव स्तब्ध है।
युवक की असामयिक मौत से न सिर्फ परिवार बल्कि ग्रामीण भी शोकाकुल हैं। घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस ने मौके से सुराग जुटाना शुरू कर दिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आतंक का माहौल कायम हो गया है। ग्रामीणों की मांग है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।
Next Story