बिहार

Bihar News: तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, 3 की मौत

Sarita
11 March 2025 11:25 AM IST
Bihar News:  तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, 3  की मौत
x
Bihar News: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य मां, बेटा और बहू शामिल हैं। हादसा नेशनल हाईवे-106 पर उदा नहर और बनरवा टोला के बीच हुआ। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार तीनों लोगों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के तेलडीह वार्ड 20 निवासी बैजनाथ महतो की पत्नी माला देवी (60), उनके बेटे विशाल महतो (25) और बहू आरती देवी (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों मजदूरी के लिए अरार कमालपुर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि माला देवी, विशाल महतो और आरती देवी एक ही बाइक पर सवार होकर अपने काम पर जा रहे थे। उदा नहर से आगे बढ़ने के बाद जब वे बनरवा टोला के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार पिकअप में शिमला मिर्च और खीरा लदा था। हादसे के बाद सड़क पर कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और शवों को सड़क किनारे रख दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिकअप को जब्त कर लिया गया है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-106 पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। लोगों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। इस घटना के बाद बैजनाथ महतो का पूरा परिवार सदमे में है। मां, बेटे और बहू की एक साथ मौत से गांव में मातम पसरा है। ग्रामीण गम में डूबे हैं और पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं।
Next Story