बिहार

Bihar News: अपराधियों ने आर्मी जवान की पत्नी को खिड़की से मारी गोली

Sarita
24 April 2025 9:53 AM IST
Bihar News:  अपराधियों ने आर्मी जवान की पत्नी को खिड़की से मारी गोली
x
Bihar News: जहानाबाद जिले में हर दिन हो रही आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों में भय और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के मौर्य नगर मोहल्ले का है, जहां बुधवार की सुबह आर्मी जवान की पत्नी पुष्पा देवी को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. घटना के वक्त वह अपने पति और बच्चे के साथ घर में मौजूद थी. गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया है|
घटना के संबंध में मकान मालिक ने बताया कि सुबह-सुबह अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया. इसके बाद जब वे नीचे आए तो देखा कि महिला के चेहरे पर गोली लगी है और वह लहूलुहान हालत में पड़ी है. परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और घर के पीछे से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किया. एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि महिला को खिड़की से गोली मारी गई है, लेकिन घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि महिला और उसके पति के बीच आए दिन झगड़ा होता था. पीड़िता पुष्पा देवी मूल रूप से अरवल जिले के तकियापर गांव की रहने वाली है|
वह करीब ढाई-तीन साल से मौर्य नगर में एक जेडीयू नेता के मकान में किराए पर रह रही थी. उसके पति शिवशंकर कुमार भारतीय सेना में कार्यरत हैं. वह एक दिन पहले ही छुट्टी पर घर लौटे थे. घटना के बाद फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है. सुबह-सुबह हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन की चौकसी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिले में दिनों-दिन बढ़ रही अपराध की घटनाओं ने आम लोगों के मन में डर पैदा कर दिया है. फिलहाल पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है|
Next Story