बिहार

Bihar News :रेलवे फाटक बंद होने के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने जलाई जेसीबी

Sarita
8 March 2025 7:41 AM IST
Bihar News :रेलवे फाटक बंद होने के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने जलाई जेसीबी
x
Bihar News : गांव की महिलाओं ने पहले खेत में रखे पुआल में आग लगा दी। ग्रामीणों ने आगे बढ़कर जेसीबी को भी आग के हवाले कर दिया। गुस्सा इतना था कि ग्रामीणों ने पथराव भी शुरू कर दिया। सहरसा पूर्णिया रेलखंड के सौर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत खजूरी रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 97 सी को जब रेलवे अधिकारी बंद कर रहे थे, तभी आक्रोशित ग्रामीणों ने रेलवे अधिकारी और कर्मियों पर पथराव कर दिया। हालांकि इस पथराव में कोई हताहत नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने रेलवे गेट को बंद करने के लिए प्रयोग की जा रही जेसीबी में आग लगा दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थिति ऐसी हो गई कि कुछ ही देर में वह इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। खजूरी रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 97 सी के पास रेलवे द्वारा अंडरपास का निर्माण कराया गया है। इसको लेकर रेलवे ने लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 97 सी को बंद करने का निर्देश दिया है। रेलवे के विभागीय आदेश के बाद विभाग के अधिकारी और कर्मी वहां पहुंचे और अंडरपास निर्माण का कार्य शुरू कर दिया। सब कुछ सामान्य रहा। इस बीच ग्रामीणों ने कुछ महिलाओं को आगे कर पुआल के ढेर में आग लगा दी।
आग लगाने के बाद पथराव भी किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जेसीबी को भी आग के हवाले कर दिया। इस संबंध में बनमनखी आरपीएफ इंस्पेक्टर विजय शंकर ने बताया कि रेलवे द्वारा अंडरपास निर्माण के बाद समपार फाटक संख्या 97 सी को बंद करने का आदेश दिया गया था। इसे बंद करने की कार्रवाई की जा रही थी। कुछ ग्रामीणों ने महिलाओं द्वारा गेट में आग लगा दी। इसके बाद पथराव भी किया गया। एबीएन आगे की कार्रवाई की जा रही है। बैजनाथपुर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित 97 सी रेलवे क्रॉसिंग को बंद करने के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया।
करीब तीन घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन में दर्जनों ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना या वैकल्पिक व्यवस्था के क्रॉसिंग को बंद कर दिया है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य सड़क बंद होने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। स्थिति और भी बदतर हो जाती है क्योंकि रेलवे द्वारा बनाए गए अंडरपास में बरसात के दिनों में पानी भर जाता है। लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण न केवल वाहनों की आवाजाही बाधित होती है, बल्कि पैदल चलने वालों के लिए भी यह मार्ग दुर्गम हो जाता है।
Next Story