बिहार

Bihar: झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची, महिला की सूझबूझ से बची जान

Sarita
2 Sept 2025 11:12 AM IST
Bihar: झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची, महिला की सूझबूझ से बची जान
x
Bihar बिहार: सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र से सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां फुलकाहा वैतरणी नहर के किनारे झाड़ियों में अज्ञात लोगों ने एक नवजात बच्ची को फेंक दिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर एक महिला का ध्यान इस ओर गया और उसकी सूझबूझ से बच्ची की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, बसंतपुर पंचायत वार्ड नंबर 6 निवासी रुबेदा खातून अपने पति के साथ बाजार से घर लौट रही थीं। तभी नहर के किनारे झाड़ियों से रोने की आवाज आई। उन्होंने झाड़ियों में जाकर देखा तो एक नवजात बच्ची पुराने कपड़ों में लिपटी पड़ी थी। यह देखकर वह चौंक गईं और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दीपक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चाइल्ड लाइन सुपौल को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में रुबेदा खातून बच्ची को घर ले गईं। बताया जा रहा है कि बच्ची का जन्म हाल ही में किसी अस्पताल में हुआ था क्योंकि उसकी नाभि पर नीली टोपी बंधी हुई थी। इससे अनुमान लगाया गया कि बच्ची करीब 24 घंटे पुरानी है। स्थानीय लोगों ने नवजात को झाड़ियों में फेंकने की घटना को अमानवीय बताया। वहीं, ग्रामीण जमशेद अंसारी ने प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत बच्ची को गोद लेने की इच्छा जताई। चाइल्ड लाइन की टीम सोमवार शाम भीम नगर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया शुरू कर दी। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि बच्ची को सकुशल बचा लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Next Story