
x
Bihar बिहार: कटिहार जिले में शनिवार को दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात से सनसनी फैल गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दलन बांध के पास बाइक सवार अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर और राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियन अमरेश चौधरी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज पहुँचाया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अमरेश चौधरी कटिहार सहायक थाना क्षेत्र के मैथिल टोला निवासी थे। उन्होंने बॉक्सिंग में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई थी, लेकिन हाल के वर्षों में वे प्रॉपर्टी के कारोबार से भी जुड़े थे। पुलिस प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे आपसी विवाद को वजह मान रही है, हालाँकि घटना के तरीके को देखते हुए गैंगवार या पुरानी रंजिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुँच गई है और जाँच शुरू कर दी है। अमरेश चौधरी के व्यक्तिगत और व्यावसायिक संबंधों की भी जाँच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कटिहार में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने एक बार फिर ज़िले की क़ानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार गमगीन है, और आम लोगों में चर्चा है कि जब एक राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियन भी सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसी होगी।
Next Story





