
x
Bihar बिहार: भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के नरही गांव में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने एक शिव मंदिर के प्रांगण में बैठे युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूजा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान नरही गांव निवासी मुन्ना प्रसाद के 18 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। राहुल के दोनों पैरों में गोली लगी है। घटना के संबंध में घायल राहुल कुमार ने बताया कि नरही शिव मंदिर के पास दुर्गा पूजा का आयोजन होता है। वह अपने दोस्तों के साथ वहां बैठा था। तभी नशे में धुत दो-तीन युवक शिव मंदिर प्रांगण में पहुँचे और किसी अन्य व्यक्ति को खोजने लगे।
राहुल के अनुसार, जब अपराधी उस व्यक्ति को नहीं ढूंढ पाए, तो वे चले गए और बाइक पर बैठकर चार-पांच राउंड फायरिंग की। फायरिंग के दौरान राहुल के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।गोलीबारी की सूचना मिलने पर चांदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल अपराधियों की पहचान नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गोली चलाने वाले आरा के अहिरपुरवा के रहने वाले हैं। पुलिस जल्द ही जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई करेगी।
Next Story





