बिहार

Bihar: तेज रफ्तार बाइक ने ग्रामीण को मारी टक्कर,मौके पर ही मौत

Sarita
5 Jun 2025 9:45 AM IST
Bihar: तेज रफ्तार बाइक ने ग्रामीण को मारी टक्कर,मौके पर ही मौत
x
Bihar बिहार: गयाजी में तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार 60 वर्षीय ग्रामीण को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया. इसके बाद पीछे से आ रही एक कार ने ग्रामीण को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. गयाजी जिले के चंदौती थाना क्षेत्र के बतसापुर गांव के पास बुधवार की दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय ग्रामीण की जान चली गई|
मृतक की पहचान बतसापुर निवासी रामचंद्र यादव के रूप में हुई है, जो साइकिल से जा रहा था. पहले तेज रफ्तार बाइक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया. उसी समय पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया. उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया. परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मृतक के शव को सड़क पर रख मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. रामशिला-प्रेतशिला पथ पर घंटों यातायात बाधित रहा|
आक्रोशित लोगों का कहना है कि जब तक दोषी चालक की गिरफ्तारी नहीं हो जाती और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक वे लोग शव को उठने नहीं देंगे. इस बीच परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक रामचंद्र यादव का कोई बेटा नहीं है. उनकी एक इकलौती बेटी है, जिसकी शादी गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के पहसी मोहल्ला में हुई है|
घटना की सूचना मिलने पर बेटी भी घटनास्थल पर पहुंची, जहां माहौल काफी गमगीन हो गया. ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने की घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है. उनकी मांग है कि सरकार तत्काल पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करे और भविष्य में इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं|

Next Story