
Bihar:रोहतास जिले के सासाराम में 18 जून से 11वीं बिहार राज्य सब-जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता एबीआर फाउंडेशन स्कूल के खेल परिसर में बिहार हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में और रोहतास जिला हैंडबॉल संघ द्वारा आयोजित की जा रही है। अब तक 19 जिलों की टीमों ने इसमें भाग लेने की पुष्टि कर दी है।
एबीआर फाउंडेशन स्कूल में होगी प्रतियोगिता
आयोजन समिति के अनुसार सभी मैच एबीआर फाउंडेशन स्कूल के खेल परिसर में कराए जाएंगे। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए विद्यालय भवन में आवासन की व्यवस्था की गई है, जबकि भोजन की व्यवस्था भी परिसर में ही की गई है ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
19 जिलों की टीमों की भागीदारी
प्रतियोगिता में पटना, दरभंगा, सारण, गोपालगंज, नवादा, नालंदा, बेगूसराय, गया, शेखपुरा, औरंगाबाद, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, जहानाबाद, मुंगेर, बक्सर, कैमूर, वैशाली, सिवान और मेजबान रोहतास सहित 19 जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। कुछ अन्य जिलों की टीमों की पुष्टि अभी बाकी है।
रेलवे स्टेशन पर स्वागत की व्यवस्था
बाहर से आने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों के स्वागत के लिए रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के सदस्य वहां मौजूद रहकर खिलाड़ियों का स्वागत करेंगे और उन्हें आयोजन स्थल तक पहुंचाने में मदद करेंगे।
तकनीकी और प्रबंधन व्यवस्था
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए भोजन, आवासन, तकनीकी, सुरक्षा, पंजीयन, पुरस्कार और मंच जैसी कई समितियों का गठन किया गया है। छह तकनीकी पदाधिकारी निर्णायक की भूमिका निभाएंगे।
उद्घाटन समारोह शाम 6:30 बजे
प्रतियोगिता का उद्घाटन 18 जून की शाम 6:30 बजे होगा। इसमें प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के कई अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। उद्घाटन के बाद सभी मुकाबले रात्रि सत्र में खेले जाएंगे।





