बिहार

Bihar:स्वर्ण आभूषण विक्रेता को मारी गोली, लाखों रुपए की संपत्ति लूटकर बदमाश फरार

Sarita
14 Jun 2025 6:53 AM IST
Bihar:स्वर्ण आभूषण विक्रेता को मारी गोली, लाखों रुपए की संपत्ति लूटकर बदमाश फरार
x
Bihar बिहार: बिहार के दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक स्वर्ण आभूषण व्यवसायी को गोली मार दी और उसकी दुकान से लाखों रुपये की संपत्ति लूट ली। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि गुरुवार की रात भरवारा गांव स्थित सुरेश कुमार ठाकुर ज्वेलर्स की दुकान पर दो महिलाएं आभूषण खरीद रही थीं। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिल पर सवार छह अपराधी दुकान के बाहर पहुंचे। दो अपराधी हाथ में रिवॉल्वर लेकर दुकान में घुस गए और दुकान मालिक सुरेश ठाकुर से सोने के आभूषण की मांग करने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने सुरेश ठाकुर को गोली मारकर घायल कर दिया और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
महिलाओं ने दुकान से बाहर आकर शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटे और अपराधियों को खदेड़ा। इसके बाद अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की और आराम से भाग निकले। सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिंहवाड़ा थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मुआयना किया। घायल स्वर्ण व्यवसायी सुरेश ठाकुर को बेहतर इलाज के लिए सिंहवाड़ा रेफरल अस्पताल से दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ रेड्डी जला रेड्डी और नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा इस घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) ज्योति कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Next Story