बिहार

Bihar: साइबर ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य 30 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार

Sarita
17 Jun 2025 10:10 AM IST
Bihar: साइबर ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य 30 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार
x
Bihar बिहार: बिहार के मोतिहारी में पुलिस ने साइबर अपराधी गिरोह के पांच ठगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 30 लाख से अधिक भारतीय और नेपाली करेंसी बरामद की है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि जिला पुलिस की टीम ने लगातार तीन दिनों तक मोतिहारी नगर, रघुनाथपुर, घोड़ासहन, रक्सौल और हरैया थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पांच साइबर ठगों सुमित सौरभ (26), संजीव कुमार (24), पप्पू कुमार (24), सुनील कुमार श्रीवास्तव (49), दीपांशु पांडेय (28) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस ने इन ठगों के पास से 29,29,680 रुपये की भारतीय मुद्रा, 99,500 रुपये की नेपाली मुद्रा, 24 मोबाइल, 7 लैपटॉप, दो देसी रिवाल्वर, 13 कारतूस, तीन रुपये गिनने की मशीन, 16 पासबुक, 49 एटीएम कार्ड, 37 चेक बुक, एसबीआई ढाका शाखा का एक फर्जी मुहर, 2 महंगी चार पहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल और पैसों का हिसाब रखने वाली एक डायरी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि बॉस नाम से मोतिहारी में यह साइबर क्राइम गिरोह संचालित हो रहा था। पुलिस टीम ने बेहतरीन काम किया है। टीम को 25 हजार रुपये की राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सभी लोग एक संगठित साइबर ठग गिरोह के सदस्य हैं, जिसके कुछ सदस्य विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी के जरिए अर्जित काली कमाई को मोतिहारी जिले में लाकर युवाओं को कमीशन का लालच देकर ठगी के पैसे अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे। फिर बैंकों से नकदी निकालकर उसे यूएसडीटी और क्रिप्टो करेंसी जैसे विभिन्न माध्यमों में निवेश कर कालेधन को सफेद कर लेते थे। इस गिरोह का मास्टरमाइंड रघुनाथपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला सत्यम सौरभ है।
बताया जाता है कि साइबर ठगी का यह धंधा मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र के सबसे व्यस्ततम इलाके चांदमारी स्थित एक स्कूल से संचालित हो रहा था। साइबर ठग गिरोह लोगों को डिजिटल तरीके से गिरफ्तार कर ठगी करता था। गुप्त सूचना पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने साइबर थाना डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम गठित की। करीब तीन महीने तक इसकी गहन जांच चली, जिसमें लोगों को डिजिटल तरीके से गिरफ्तार कर ठगी कर करोड़ों रुपये के लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं।
Next Story