बिहार

Bihar: दिनदहाड़े फायरिंग,एक युवक की मौत,दूसरा घायल

Sarita
3 Oct 2025 8:36 AM IST
Bihar: दिनदहाड़े फायरिंग,एक युवक की मौत,दूसरा घायल
x
Bihar: छपरा में विजयादशमी के दिन अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दो युवकों को निशाना बनाया। घटना में 24 वर्षीय राहुल पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय सूरज कांत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हमला सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में भेल्दी-अमनौर मुख्य मार्ग स्थित जलालपुर चौक पर दोपहर बाद हुआ। मृतक राहुल पांडेय, भेल्दी थाना क्षेत्र के खरीदाहा गांव निवासी और पूर्व उपमुखिया विनोद पांडेय के पुत्र थे। घायल सूरज कांत, सुधांशु पांडेय के पुत्र हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय एक होंडा अमेज कार वहां रुकी थी। कार से एक युवक सामान लेने उतरा, तभी कार के भीतर से गोलियां चलीं। गोली लगने के बाद ड्राइवर सड़क पार भागा, लेकिन खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। दो नकाबपोश अपराधी पिस्टल लहराते हुए धान के खेत की ओर भागे और फिर ई-रिक्शा से कुछ दूरी तय कर अपाची बाइक पर फरार हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से पहले गड़खा अस्पताल और फिर छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही राहुल पांडेय की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सारण के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संजय कुमार और मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। विजयादशमी के दिन मेला और पूजा स्थल की सुरक्षा के बीच दिनदहाड़े हुई यह फायरिंग पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
Next Story