बिहार

Bihar: जमीन विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Sarita
26 Jun 2025 11:27 AM IST
Bihar: जमीन विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
x
Bihar बिहार: मधुबनी जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान खजौली थाना क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय महेश्वर सिंह के रूप में हुई है। वे जमीन विवाद से जुड़े एक मामले की सुनवाई के लिए न्यायालय आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार न्यायालय परिसर में उनकी मुलाकात ऐसे लोगों से हुई, जिनसे उनका जमीन को लेकर पुराना विवाद था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हल्की हाथापाई में बदल गई।
इसी बीच महेश्वर सिंह अचानक जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। नगर थानेदार सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला हार्ट अटैक या सदमे से मौत का लग रहा है।
हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। एहतियात के तौर पर पुलिस ने उन सभी लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे मृतक का विवाद हुआ था। उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं और आम लोगों में हड़कंप मच गया। सभी ने कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
Next Story