
x
Bihar बिहार: वैशाली जिले के काजीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय गेट के पास गुमटी चलाने वाले दुकानदार की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही काजीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दुकानदार को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान काजीपुर निवासी स्वर्गीय मुसाफिर महतो के 50 वर्षीय पुत्र विनोद महतो के रूप में हुई है।
वह स्कूल के पास गुमटी लगाकर पान-मसाला की दुकान चलाता था। वह मध्य विद्यालय का नाइट गार्ड भी था। परिजनों ने बताया कि विनोद महतो के दो बेटे हैं और घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार तीन युवक गुमटी पर गुटखा मांगने आए थे। विनोद जब गुटखा निकाल रहा था, तभी एक युवक ने पिस्तौल निकालकर उसके सीने में गोली मार दी और सभी फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ ओम प्रकाश, नगर थाना प्रभारी सुनील कुमार और काजीपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार अपने दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस हत्यारों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है|
Next Story





