बिहार

Bihar Crime: मामा की दिनदहाड़े हत्या,इलाके में दहशत

Sarita
13 Feb 2026 12:07 PM IST
Bihar Crime: मामा की दिनदहाड़े हत्या,इलाके में दहशत
x
Bihar Crime: राजधानी पटना के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगाली टोला में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपने ही सगे मामा की दिनदहाड़े गला रेतकर और चाकू मारकर हत्या कर दी। बीच सड़क पर हुई इस नृशंस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है।मृतक की पहचान 62 वर्षीय मोहम्मद रईस के रूप में हुई है, जो पेशे से दर्जी थे। जानकारी के अनुसार, रईस सुबह घर से नाश्ता करने के बाद अपनी दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका भांजा, मोहम्मद रियाज, उनके साथ पैदल चल रहा था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोनों करीब 20 कदम तक सामान्य रूप से साथ चले। सड़क के मोड़ पर पहुंचते ही रियाज ने अचानक तेज धारदार हथियार से रईस की गर्दन पर हमला कर दिया। हमले के बाद रईस जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी ने मात्र 17 सेकंड के भीतर 10 बार उन पर ताबड़तोड़ वार किए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया और मोहम्मद रईस ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद रियाज को आला-ए-कत्ल (हथियार) के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में दो अलग-अलग पहलू सामने आ रहे हैं। मृतक की बेटी शबनम खातून ने बताया कि रियाज नशे का आदी था। परिवार के लोग अक्सर उसे नशा करने से टोकते थे, जिससे वह नाराज रहता था।पटना सिटी के SDPO-2 डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी का दावा है कि मृतक का परिवार उसकी पत्नी को परेशान करता था, जिसका बदला लेने के लिए उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।
Next Story