बिहार

Bihar Crime : नशा तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई

Sarita
20 May 2025 8:46 AM IST
Bihar Crime :   नशा तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई
x
Bihar Crime : बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा थाना क्षेत्र से पुलिस ने सोमवार को चार किलोग्राम अफीम और 55 हजार रुपये के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सोमवार को विशेष अभियान के तहत चार किलो 74 ग्राम अफीम के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद अफीम की कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान मधुबन थाना क्षेत्र के जितौर वार्ड नंबर 15 निवासी चंद्रदेव साह के पुत्र शंभू गुप्ता, बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र निवासी जगदीश साह के पुत्र नरेश साह और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नांगल थाना अंतर्गत सुवारी गांव निवासी केशु राम के पुत्र सोमपाल कुमार के रूप में हुई है।
सूत्रों ने बताया कि नरेश साह राज्य के बाहर की तीन घटनाओं का आरोपी है, जबकि सोमपाल मध्य प्रदेश के मंसूर में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट का आरोपी है। मादक पदार्थ तस्करी के मामले में कोटवा थाने में प्राथमिकी दर्ज है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में अफीम की यह तीसरी बड़ी बरामदगी है। दो दिन पहले ही पुलिस ने सीमावर्ती शहर रक्सौल से पांच किलोग्राम अफीम जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। 11 मई को रामगढ़वा थाना क्षेत्र से अंतरराज्यीय गिरोह के तीन तस्करों को चार किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया था।
Next Story