
x
Bihar Crime : दिल्ली पुलिस ने दरभंगा के नगर थाना इलाके से अपनी मौसी और उनकी छह साल की बेटी की हत्या कर उनके शवों को बिस्तर के नीचे छिपाने के आरोपी भतीजे दीनदयाल झा को गिरफ्तार किया है। आरोपी 20 फरवरी को वारदात को अंजाम देने के बाद दिल्ली से भाग गया था। वह हरिद्वार के रास्ते दरभंगा पहुंचा। आरोपी मधुबनी जिले के झंझारपुर थाना इलाके का रहने वाला है। दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस दरभंगा पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बारे में बताया गया कि मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना इलाके के हरदी गांव का रहने वाला सुदर्शन कुमार अपनी पत्नी ज्योति और तीन बच्चों के साथ दिल्ली के साउथ ईस्ट सरिता विहार थाना इलाके के अली विहार भीम कॉलोनी में तीन मंजिला मकान में रहता था। उसका भतीजा दीनदयाल भी उसी कॉलोनी में दूसरे मकान में रहता था।
घटना वाले दिन, 20 फरवरी को सुदर्शन की दोनों बेटियां पड़ोस में गई हुई थीं। शाम को जब सुदर्शन घर लौटा तो उसने दरवाज़ा बंद पाया। काफ़ी कोशिश के बाद जब दरवाज़ा खोला गया तो सोफ़ा बेड उठाया गया, जिसमें उसकी पत्नी ज्योति और छोटी बेटी जानवी की लाशें मिलीं। घटना के बाद से दीनदयाल झा फ़रार था और उसका मोबाइल फ़ोन बंद था।
घटना के बाद से दिल्ली पुलिस की टेक्निकल सेल लगातार आरोपी के मोबाइल फ़ोन को ट्रैक कर रही थी। जांच में पता चला कि वह दिल्ली से हरिद्वार और वहां से दरभंगा आया था। दिल्ली पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी। गुरुवार को दरभंगा पुलिस की मदद से दिल्ली पुलिस ने उसे नगर थाना इलाके से गिरफ़्तार कर लिया।यह भी बताया गया कि सुदर्शन ने दीनदयाल को किसी बात पर डांट दिया था। पुलिस के मुताबिक, बदले की कार्रवाई में दीनदयाल ने अपनी मौसी और उनकी छह साल की बेटी की हत्या कर दी और भाग गया। यह भी कहा जा रहा है कि मौसी से उसका गहरा लगाव भी एक वजह है। मामले की जांच जारी है।
Next Story





