
x
Bihar बिहार: बिहार पुलिस ने मानव तस्करी और बच्चा चोरी में शामिल एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो मासूम बच्चों को सकुशल बरामद किया है। घटना 23 अगस्त की है जब औरंगाबाद निवासी रेणु देवी अपने छह महीने के बेटे देवांश राज उर्फ आर्यन के साथ कोटा-पटना एक्सप्रेस से पटना आ रही थीं। ट्रेन में उनके बगल में बैठे एक अज्ञात व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाया और बच्चे को लेकर पटना जंक्शन से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पटना जंक्शन रेल थाना पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जाँच और खुफिया सूचनाओं के आधार पर छापेमारी की। पुलिस ने इस मामले में शामिल 8 अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 8 मोबाइल फोन बरामद किए। जाँच में चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि गिरोह ने मासूम देवांश को पटना में ही 3.60 लाख रुपये में बेच दिया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक और मासूम अमन राज (6 साल) को भी अपराधियों के चंगुल से मुक्त कराया। यह गिरोह बच्चों की तस्करी करके मोटा मुनाफा कमा रहा था।
बिहार पुलिस ने इसे एक बड़ी सफलता बताया और कहा कि यह कार्रवाई बच्चों की सुरक्षा और मानव तस्करी जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Next Story





