बिहार

Bihar : कार ने दो बाइक में मारी टक्कर, चार घायल

Sarita
24 Jan 2026 9:18 AM IST
Bihar : कार ने दो बाइक में मारी टक्कर, चार घायल
x
Bihar : पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के नीमचक गांव के पास फोरलेन पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे चार युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। दो बाइक पर सवार इन युवकों को एक अज्ञात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार पहिया वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीन युवकों की हालत अत्यंत नाजुक बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सभी घायल युवक बेलछी थाना क्षेत्र के भीखोचक गांव के निवासी हैं। वे दो बाइक पर सवार होकर भटगांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में वे नीमचक गांव में अपने कुछ परिजनों को साथ लेने के लिए रुके थे।
परिजनों के अनुसार, जैसे ही युवक नीमचक गांव के पास फोरलेन के मोड़ पर पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त चार पहिया वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद घायलों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
Next Story