
x
Bihar बिहार: बिहार के कैमूर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के महुअरिया ओवर ब्रिज के पास सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। दिल्ली-कोलकाता NH-19 पर बस और ट्रक की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस में कुल 38 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें 14 महिलाएं और 24 पुरुष शामिल हैं। सभी मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं, जो काशी (वाराणसी) होते हुए गयाजी पितृ पक्ष मेले में जा रहे थे। लेकिन, रास्ते में ही दर्दनाक हादसा हो गया। चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस कंडक्टर महेश वर्मा (उम्र 30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वह मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेशबर गांव के रहने वाले थे।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस और NHAI की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क के किनारे कराया गया ताकि जाम न लगे। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बारे में मौके पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि यह टक्कर काफी भीषण थी। एक युवक की मौत हो गई है जबकि 10 लोग घायल हैं। सभी यात्री मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।
Next Story





