बिहार

आज पेश होगा बिहार बजट 2022, मिलेगी राहत या लगेगा झटका?

Renuka Sahu
28 Feb 2022 1:37 AM GMT
आज पेश होगा बिहार बजट 2022, मिलेगी राहत या लगेगा झटका?
x

फाइल फोटो 

कोरोना संकट से उबर रहे बिहार में आगामी वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट सोमवार को विधानमंडल के दोनों सदनों में पेश होगा।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कोरोना संकट से उबर रहे बिहार में आगामी वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट सोमवार को विधानमंडल के दोनों सदनों में पेश होगा। उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद द्वारा विधानसभा में इस साल पेश किए जाने वाले इस बजट का वित्तीय आकार 2.40 लाख करोड़ का होने की संभावना है। गौरतलब है कि शुक्रवार से शुरू बिहार विधानमंडल के बजट सत्र में पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जा चुका है। तारकिशोर प्रसाद लगातार दूसरी बार आर्थिक सर्वेक्षण के बाद वार्षिक बजट पेश करेंगे।

बजट के आकार में 10 फीसदी बढ़ोतरी की संभावना
बिहार के बजट आकार में 10 फीसदी बढ़ोतरी की संभावना है। राज्य के वर्ष 2021-22 के आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार 2.5 फीसदी आर्थिक विकास दर होने से आगामी वार्षिक बजट आकार में बढ़ोतरी होगी। वहीं, भारत सरकार से केंद्रीय राजस्व के अंतरण में बढ़ोतरी होने से भी राज्य का बजट आकार बढ़ेगा। केंद्रीय करों में राज्य की हिस्सेदारी बढ़ने के अतिरिक्त कर्ज लेने की सीमा चार फीसदी होने व आर्थिक गतिविधियों के तेज होने से आंतरिक स्रोतों से प्राप्त आय के आधार पर बजट आकार 2.40 लाख करोड़ हो सकता है। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नेशनल हेल्थ मिशन से पिछले वर्ष की तुलना में 11 सौ करोड़ रुपये अधिक मिलने की संभावना है। इसी प्रकार, अन्य मदों में भी राज्य को केंद्रीय बजट से काफी उम्मीदें हैं। पिछले वर्ष राज्य बजट का आकार 2.18 लाख करोड़ था। गौरतलब है कि बिहार का वार्षिक बजट आकार में लगातार बढ़ोतरी पूर्व से ही दर्ज की जा रही है।
आधारभूत संरचना, रोजगार सृजन और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर होगा जोर
वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए आगामी बजट में आधारभूत संरचना के विकास एवं रोजगार सृजन और कोविड के कारण पिछले दो वर्षो में स्थिर रहे आर्थिक गतिविधियों को तेज करने के लिए उद्यमिता विकास और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर जोर दिए जाने की उम्मीद है। वित्त विभाग के सूत्रों के अनुसार विशेष रूप से कोरोना काल में वापस लौटे लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में पहल किए जाने की संभावना है। वहीं, इस साल पेश आर्थिक सर्वेक्षण में वित्तीय वर्ष 2020-21 के आंकड़ों के आधार पर राज्य के आर्थिक स्थिति का विशलेष्ण किया गया है। आर्थिक सर्वेक्षण में कोरोना काल में भी राज्य में आर्थिक गतिविधियों के जारी रहने और राज्य सरकार के प्रयासों से अर्थव्यवस्था की मजबूत स्थिति बने रहने को लेकर जानकारी दी गयी है।
Next Story