बिहार

बिहार : भाजपा 13 सीटों पर विधान परिषद चुनाव लड़ेगी, कोर कमेटी की भी मुहर

Renuka Sahu
23 Jan 2022 3:01 AM GMT
बिहार : भाजपा 13 सीटों पर विधान परिषद चुनाव लड़ेगी, कोर कमेटी की भी मुहर
x

फाइल फोटो 

बिहार भाजपा की कोर कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल की अध्यक्षता व संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया की मौजदूगी में हुई बैठक में स्थानीय निकाय कोटे से बिहार विधान परिषद की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव में अपने कब्जे वाली सभी 13 सीटों पर उम्मीदवार खड़ा करने पर मुहर लगा दी।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार भाजपा की कोर कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल की अध्यक्षता व संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया की मौजदूगी में हुई बैठक में स्थानीय निकाय कोटे से बिहार विधान परिषद की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव में अपने कब्जे वाली सभी 13 सीटों पर उम्मीदवार खड़ा करने पर मुहर लगा दी। बैठक में यह भी तय हुआ कि घटक दल जदयू के साथ 13-11 के फॉर्मूले पर अब बात की जाएगी। जदयू-भाजपा के बीच पहले भी एक दौर की बातचीत हो चुकी है।

गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल और उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने शुक्रवार की शाम ही दिल्ली में केन्द्रीय नेतृत्व के साथ बातचीत के बाद अपनी सभी 13 सीटिंग सीटों पर चुनाव लड़ने का स्पष्ट संकेत दे दिया था।
शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री के अलावा दोनों उप मुख्यमंत्री क्रमश: तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, वरिष्ठ पार्टी नेता व पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव, डॉ. प्रेम कुमार, मंत्री शाहनवाज हुसैन व सम्राट चौधरी, विधान पार्षद नवल किशोर यादव व राजेन्द्र गुप्ता की मौजूदगी में हुई कोर कमेटी ने भी यह सभी सीटिंग सीटों पर उम्मीदवार देने पर मुहर लगायी। चूंकि अभी यह नहीं तय हुआ है कि गठबंधन में कौन-सी सीटों पर कौन दल लड़ेगा, इसलिए कोर कमेटी की बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा नहीं हो पायी।
बैठक में उत्तर प्रदेश चुनाव में बिहार भाजपा के नेताओं की सक्रियता पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने पत्रकारों को बताया कि वरिष्ठ नेताओं ने आगामी विप चुनाव को लेकर अपनी राय दी है। उसे समेकित कर केन्द्रीय नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
तीन सीटों पर नये प्रत्याशी उतारेगी भाजपा
औरंगाबाद सीट से भाजपा के निवर्तमान विधान पार्षद राजन सिंह चुनाव मैदान में नहीं उतरेंगे। उन्होंने अपने निर्णय से पार्टी को अवगत करा दिया है। इसके साथ ही पिछले चुनाव में समस्तीपुर से जीते हरिनारायण चौधरी और दरभंगा सीट से जीते सुनील कुमार सिंह दिवंगत हो गए हैं। भाजपा इन तीनों ही सीटों पर नया प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेगी।
Next Story