
x
Bihar बिहार: बेतिया के बैरिया थाना क्षेत्र के बेतिया-पखनहा मार्ग स्थित नहर बड़ी नहर के पास शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा देखा। शव एक घर के पीछे झाड़ियों में छिपा हुआ था। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बैरिया थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक की आंख पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं और आंख से खून भी बह रहा था। आशंका जताई जा रही है कि उसकी आंख पर चाकू या किसी धारदार हथियार से हमला किया गया। शव की स्थिति यह भी बता रही है कि मृतक के साथ हाथापाई या मारपीट हुई है। उसकी कमीज उल्टी थी, जूते पैर से बाहर थे और एक जूता पास की झाड़ियों में पड़ा मिला। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और गांवों में सूचना भेज दी गई है। साथ ही लापता लोगों की सूची भी खंगाली जा रही है। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
Next Story





