बिहार

Bihar Accident : गंगा स्नान जा रहे परिवार की पलटी कार,मच गई चीख-पुकार

Sarita
17 Jan 2026 6:40 AM IST
Bihar Accident : गंगा स्नान जा रहे परिवार की पलटी कार,मच गई चीख-पुकार
x
Bihar Accident : नालंदा जिले के चंडी-दस्तूरपर फोरलेन पर शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दरअसल, गंगा स्नान के लिए फतुहा जा रहे नवादा जिले के एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 55 वर्षीय शीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन विजय कुमार के अनुसार, उनके ससुर देवेंद्र प्रसाद की मौत हाल ही में कोलकाता में एक सड़क दुर्घटना में हुई थी।
गुरुवार को तेरहवीं संपन्न हुई। इसके बाद शुक्रवार को पूरा परिवार धार्मिक अनुष्ठान के लिए गंगा स्नान जा रहा था। इसी दौरान परिवार भीषण सड़क हादसे की शिकार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दस्तूरपर मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने अचानक कार का रास्ता रोक दिया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए और घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में शीला देवी नामक महिला की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल चंडी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर मरीजों को बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। इस मामले में चंडी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story