बिहार

Bihar: दो लोगों की मौत के करीब 6 घंटे बाद वन विभाग की टीम रेस्क्यू के लिए घटनास्थल पहुंची

Tara Tandi
3 Oct 2024 8:20 AM GMT
Bihar: दो लोगों की मौत के करीब 6 घंटे बाद वन विभाग की टीम रेस्क्यू के लिए घटनास्थल पहुंची
x
Bihar बिहार: सुपौल के बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत भगवानपुर पंचायत में बुधवार की सुबह शुरू हुआ जंगली भैंस का आतंक शाम शाम ढलने के साथ ही समाप्त हो गया। जंगली भैंस को शाम करीब 6:30 बजे मार गिराया गया। हालांकि, इससे पहले प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भैंस को मारने के लिए 26 राउंड गोली फायरिंग की सूचना है। हालांकि इसको लेकर प्रशासन खुल कर कुछ भी बोलने से परहेज कर रहा है। भीमनगर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने भैंस के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि गोली चली है, लेकिन किसने चलाई, इसकी जानकारी नहीं है। मैंने खुद भी मृत भैंस को देखा है। बता दें कि बीते दिनों नेपाल में हुई अप्रत्याशित बारिश के बाद कोसी नदी उफान पर थी। बाढ़ के पानी के साथ ही कई जंगली जानवर भी बह कर आए हैं।
भगवानपुर पंचायत में दो लोगों की जान ले ली
इसी बाढ़ के पानी में बह कर आए एक जंगली भैंसे ने बुधवार की सुबह भगवानपुर पंचायत में दो लोगों की जान ले ली। मृतकों की पहचान भगवानपुर निवासी 50 वर्षीय भुवनेश्वर मंडल और 25 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई। इधर, घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 11 बजे एनएच 106 को जाम कर दिया। ग्रामीणों का प्रदर्शन शाम करीब 6 बजे तक चला। लोग पीड़ित परिजनों के लिए मुआवजा और जंगली भैंसे को तत्काल पकड़ने की मांग कर रहे थे। हालांकि बाद में सीओ और थानाध्यक्ष के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। जिसके बाद दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
6 घंटे विलंब से पहुंची रेस्क्यू टीम, सभी प्रयास विफल
इधर, भैंस द्वारा दो लोगों की जान ले लेने के करीब 6 घंटे बाद वन विभाग की टीम रेस्क्यू के लिए घटनास्थल पहुंची। स्थानीय लोगों द्वारा काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम को कोसी तटबंध के इलाके में ले जाया गया। वहां रेस्क्यू टीम ने चॉकलेट बम के अलावा ट्रैक्टर का भी इस्तेमाल किया, लेकिन करीब एक घंटे तक चला प्रयास विफल रहा। इस बीच भैंसे ने स्पर संख्या 4.30 के रास्ते एक बार फिर गांव की ओर दौड़ लगा दी। 500 मीटर लंबे स्पर को भैंसे ने महज पांच सेकेंड में पार कर लिया। भैंसे को दौड़ता देख लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। वही भागने के क्रम में भैंसे ने वन विभाग के फॉरेस्टर उपेंद्र मेहता और रेंजर अजय कुमार ठाकुर को घायल कर दिया। दोनों के पैर में गंभीर चोट है। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है।
पीएचईडी मंत्री भी घटनास्थल पहुंचे, कैंप कर रही थी तीन थानों की पुलिस
इधर, घटना की सूचना पर सूबे के पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू भी बाइक से घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर जरूरी सहयोग का आश्वासन दिया। इस बीच भैंस को रेस्क्यू करने का प्रयास भी जारी रहा। शाम करीब 6:30 बजे भैंस के मारे जाने की सूचना सामने आई। हालांकि गोली किसने चलाई, इसको लेकर कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। बहरहाल, इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। वही भीमनगर के साथ ही वीरपुर और रतनपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर कैंप करती रही।
Next Story