बिहार

Bihar: इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर एक यात्री की मौत

Sarita
6 July 2025 1:46 PM IST
Bihar: इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर एक यात्री की मौत
x
Bihar बिहार: बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर एक यात्री की मौत हो गई. वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की देर रात बापूधाम मोतिहारी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर इंटरसिटी एक्सप्रेस से एक यात्री नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने राजकीय रेल पुलिस और स्टेशन प्रबंधन को सूचना दी. उसके बाद घायल यात्री को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई|
सूत्रों ने बताया कि मृतक यात्री की पहचान पश्चिमी चंपारण जिले के योगापट्टी थाना क्षेत्र के मच्छरगांवा निवासी लाल साहेब सिंह के पुत्र कुंदन कुमार सिंह (28) के रूप में हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. बताया जा रहा है कि कुंदन इंटरसिटी एक्सप्रेस से बेतिया आ रहा था. इसी बीच ट्रेन बापूधाम मोतिहारी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर रुकी. कुंदन पानी लेने के लिए नीचे उतरा. इसी बीच ट्रेन चल दी और वह ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ने लगा. ट्रेन पर चढ़ते समय उसका पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर गया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Next Story