बिहार

Bihar: बाढ़ में तेज रफ्तार थार ने ले ली दो भाइयों की जान

Sarita
3 Aug 2025 10:15 AM IST
Bihar: बाढ़ में तेज रफ्तार थार ने ले ली दो भाइयों की जान
x
Bihar बिहार: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की जान चली गई। घटना बख्तियारपुर के रानीसराय फोरलेन पुल पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार थार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान फुलेलपुर गांव (थाना अथमलगोला) निवासी सुधांशु कुमार उर्फ कारू (32) और नीतीश कुमार (30) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों भाई बाइक से सब्जी खरीदने बख्तियारपुर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक को ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार थार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चकनाचूर हो गई और सुधांशु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका चचेरा भाई नीतीश पुल से 30 फीट नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि थार की रफ्तार करीब 100 किमी/घंटा रही होगी और टक्कर के बाद भी वह क्षतिग्रस्त हालत में भाग गया। वाहन के पहियों से चिंगारियां निकलती देखी गईं। हादसे के बाद मौके पर पहुँचे लोगों ने मदद की कोशिश की। संयोग से उसी रास्ते से पटना लौट रहे बिहार सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री हरि सहनी की नज़र घटनास्थल पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत गाड़ी रुकवाई और एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को नीचे से लाने के लिए अपनी स्कॉट गाड़ी भेजी।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को बख्तियारपुर सीएचसी ले जाया गया, जहाँ से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। फ़िलहाल, पुलिस मौके पर पहुँचकर मामले की जाँच में जुट गई है और थार गाड़ी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Next Story