बिहार

बिहार सरकार की बड़ी योजना, 30 हजार परिवार होंगे लाभान्वित

Saba Naaz
30 Jun 2026 4:46 PM IST
बिहार सरकार की बड़ी योजना, 30 हजार परिवार होंगे लाभान्वित
x

बिहार: सरकार 15 अगस्त 2026 को अभियान बसेरा-2 के तहत राज्य के 30 हजार भूमिहीन परिवारों को वासभूमि का बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र प्रदान करेगी. इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भूमिहीन परिवार जमीन के अधिकार से वंचित न रहे. सरकार ने सभी जिलों को लक्ष्य सौंप दिया है और 31 जुलाई 2026 तक सभी प्रमाण-पत्र तैयार करने का निर्देश दिया गया है. इसके बाद 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर लाभुकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे.

31 जुलाई तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया

ग्रामीण विकास विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी जिलाधिकारियों (DM) को सख्त निर्देश जारी किए हैं. लाभार्थियों की सूची का पुनः सत्यापन कर अंतिम रूप देने को कहा गया है. नए नामों को अभियान बसेरा पोर्टल पर दर्ज कर सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन पूरी करने का निर्देश दिया गया है.

ऑनलाइन पोर्टल से होगी पूरी प्रक्रिया

भ्रष्टाचार रोकने के लिए पूरी व्यवस्था को डिजिटल बनाया गया है. प्रमाण-पत्र तैयार करने और वितरण की प्रक्रिया अभियान बसेरा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जाएगी. प्रत्येक जिले में विशेष कैंप या समारोह आयोजित कर वितरण किया जाएगा.

जिलों को मिला अलग-अलग लक्ष्य

राज्य के सभी 38 जिलों को मिलाकर कुल 30 हजार प्रमाण-पत्र बांटे जाएंगे. इसमें पटना को 1709 परिवारों का लक्ष्य मिला है. पूर्वी चंपारण में 1493, मुजफ्फरपुर में 1405, मधुबनी में 1314 और गया में 1285 परिवारों को लाभ मिलेगा. इसके अलावा समस्तीपुर, सारण और दरभंगा में भी हजारों परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराई जाएगी.

अब तक 71 हजार से अधिक परिवारों को मिला लाभ

सरकार के अनुसार अभियान बसेरा-2 के तहत अब तक 71,569 परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है. नए चरण में 30 हजार और परिवारों को जोड़कर बड़ी संख्या में भूमिहीन लोगों को स्थायी आवासीय सुरक्षा देने की तैयारी है.

Next Story