बिहार

भरत तिवारी केस: “न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा”

Saba Naaz
23 Jun 2026 4:39 PM IST
भरत तिवारी केस: “न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा”
x

Bihar: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत तिवारी के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मिश्रा अपने सहयोगियों के साथ मृतक के परिजनों से मिलने गांव पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और हर संभव कानूनी मदद दिलाने का भरोसा दिया।

परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अधिवक्ता अनिल मिश्रा ने इस पूरे मामले को “क्लियर कट हत्या” करार दिया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध तथ्यों से यह स्पष्ट होता है कि यह किसी भी तरह का पुलिस एनकाउंटर नहीं है, बल्कि यह कानून के दायरे से बाहर जाकर की गई कार्रवाई है।

अनिल मिश्रा ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस घटना में शामिल पुलिसकर्मियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्थानीय पुलिस इतनी बड़ी कार्रवाई अकेले नहीं कर सकती थी और इसके पीछे किसी ऊपरी आदेश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि भरत तिवारी को पहले वाहन में बैठाया गया और फिर बेहद करीब से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई। इस घटना के विरोध में उन्होंने क्षेत्र में महापंचायत बुलाने की घोषणा की और कहा कि इसमें न्याय और दोषियों की गिरफ्तारी प्रमुख मुद्दा होगा।

अनिल मिश्रा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, “कितने भरत तिवारी को मारोगे।” उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। यदि स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होती, तो इस आंदोलन को पटना और दिल्ली तक ले जाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से यह लड़ाई जारी रहेगी और राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन को इस मामले में जवाब देना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वे सुप्रीम कोर्ट तक इस मामले को लेकर जाएंगे।

Next Story