बिहार

बेतिया स्टेशन का आरक्षण केंद्र बना ‘तंदूर’

Ashish verma
27 Jun 2026 7:57 PM IST
बेतिया स्टेशन का आरक्षण केंद्र बना ‘तंदूर’
x

बेतिया। बेतिया रेलवे स्टेशन पर नए भवन के निर्माण कार्य के चलते बनाए गए अस्थायी आरक्षण केंद्र और यात्री शेड में भीषण गर्मी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टीन शेड और लोहे की चादरों से बने इस अस्थायी परिसर में तापमान इतना अधिक महसूस हो रहा है कि यात्रियों के लिए कुछ मिनट रुकना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय यात्रियों के अनुसार, अस्थायी आरक्षण केंद्र में पर्याप्त पंखों की व्यवस्था नहीं है और वेटिंग रूम का एसी लंबे समय से बंद पड़ा है। इसके कारण उमस और गर्मी से लोग परेशान हो रहे हैं। टिकट लेने और आरक्षण रद्द कराने के लिए लंबी कतारों में खड़े यात्रियों को तेज गर्मी में काफी समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।

हरिवाटिका निवासी मनोज कुमार ने बताया कि आरक्षण फॉर्म भरते समय ही पूरा शरीर पसीने से भीग गया और ऐसा महसूस हो रहा था जैसे अंदर आग बरस रही हो। वहीं रामनगर के पकड़ी निवासी रविंद्र मिश्रा ने बताया कि टिकट लेने के दौरान उन्हें भारी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। स्थिति केवल आरक्षण काउंटर तक सीमित नहीं है, बल्कि प्लेटफॉर्म पर बने अस्थायी यात्री शेड में भी यही हाल है। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को गर्मी में घंटों बैठना पड़ रहा है। बंद एसी और कम पंखों के कारण वेटिंग रूम भी राहत देने में असमर्थ है।

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अतिरिक्त पंखे और कूलर लगाए जाएं तथा लंबे समय से बंद एसी को जल्द चालू किया जाए ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। भीषण गर्मी के इस मौसम में रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी यात्रा करते हैं। ऐसे में बुनियादी सुविधाओं का अभाव यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए गंभीर समस्या बन गया है। यात्रियों ने उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन जल्द ही इस ओर ध्यान देगा और स्थिति में सुधार करेगा।

Next Story