
Bihar:बेतिया के पश्चिम चंपारण जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिव्यांग युवक की मौत हो गई। यह घटना कुमारबाग थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान चनपटिया प्रखंड के भरवा टोला गुरुवालिया निवासी पतिराम महतो के रूप में की गई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, पतिराम महतो को मंगलवार को आयोजित विशेष जनकल्याण शिविर में इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल प्रदान की गई थी। ट्राई साइकिल मिलने से वह काफी खुश थे और उसे लेकर अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि वह छावनी की ओर से बेतिया की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उनकी इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्राई साइकिल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और पतिराम महतो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कुमारबाग थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रक की पहचान की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजन और ग्रामीण इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।





