बिहार

Bihar:टैंकर के जरिए हो रही थी अवैध शराब की सप्लाई

Saba Naaz
16 Jun 2026 5:25 PM IST
Bihar:टैंकर के जरिए हो रही थी अवैध शराब की सप्लाई
x

Bihar:वैशाली जिले में पुलिस ने शराब माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1413 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। यह शराब एक टैंकर लॉरी में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है, जबकि मौके से तस्कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बखरा गांव में एक संदिग्ध टैंकर खड़ा होने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-2 (लालगंज) अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर टैंकर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टैंकर के भीतर छिपाकर रखी गई 1413 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। तस्करों ने शराब को इस तरह से छिपाया था कि सामान्य जांच में उसका पता लगाना मुश्किल था। पुलिस ने मौके से टैंकर को जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की। इस मामले में भगवानपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार तस्करों की पहचान में जुटी हुई है और लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

वैशाली पुलिस ने साफ किया है कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Next Story